जम्मू नगर निगम ने शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो अवैध मकान गिराए, कई ढांचे सील किए और 50 से अधिक रेहड़ियां व वेंडर कार्ट जब्त किए।
नगर निगम ने शुक्रवार को शहर में अवैध निर्माण व अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। अवैध बने दो मकानों को ध्वस्त करते हुए 50 से अधिक रेहड़ियां जब्त कीं। यह अभियान नगर आयुक्त डाॅ. देवांश यादव व सहायक अभियंता सुबह मेहता के निर्देश पर चलाया गया।
विज्ञापन
शहर के वार्ड-63 अपर थाथर बन तालाब में शाही दरबार रेस्टोरेंट को बिना अनुमति के निर्माण कार्य कराते हुए पाया गया इसलिए उसे सील कर दिया। वार्ड-64 राजिंदर नगर में एक गैर-कानूनी टिन शेड के बने ढांचे को बुलडोजर की मदद से गिराया गया। वार्ड-28 बख्शी नगर में एक काम चलाऊ बने ढांचे को सील किया गया। वार्ड-58 डिग्याना में कई अवैध झुग्गियां भी तोड़ी गईं।
ट्रैफिक और जनता की आवाजाही में सुधार लाने के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में फुटपाथ और सड़कों को भी खाली कराने के लिए अभियान चलाया गया। इसमें 50 से अधिक गैर-कानूनी रेहड़ियां जब्त की गईं। नगर निगम की टीम ने नागरिकों से अपील की कि अगर किसी को कहीं भी अवैध रूप से निर्माण कार्य चलता दिखाई दे तो इसकी शिकायत करें।