अरनिया। 27 मार्च से अल्पमत में चल रही अरनिया नगर पालिका अब दो अगस्त तक यूं ही चलती रहेगी। परिषद का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। केस की अगली सुनवाई दो अगस्त को होगी। इसकी जानकारी नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सैनी ने दी।
जानकारी के अनुसार कोर्ट में पहुंचे इस अल्पमत केस की सुनवाई सोमवार को होनी थी, मगर कोर्ट ने सुनवाई दो सप्ताह के लिए टाल दी है और अगली तारीख दो अगस्त निर्धारित की है। कोर्ट की टलने से विपक्ष में बैठे सात पार्षदों के हाथ निराश लगी है। वहीं अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित समर्थन में बैठे अन्य चार पार्षदों ने राहत की सांस ली। नपा अध्यक्ष रमेश सैनी का कहना है कि कोर्ट का फैसला आने तक पहले की तरह नगर पालिका में विकास कार्य चलते रहेंगे। इससे विकास कार्यों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि 27 मार्च को दो भाजपा व एक कांग्रेस सहित चार निर्दलीय पार्षदों ने समर्थन वापस लेकर पालिका को अल्पमत में खड़ा करके ईओ को दस्तावेज सौंप दिए थे। ईओ ने अल्पमत की फाइल को कोर्ट में भेज दिया।