सड़क किनारे खड़े होने वाले अधिकतर वाहनों को बस स्टैंड में मल्टी टायर पार्किंग में लगाने की व्यवस्था के मद्देनजर सोमवार को जनरल बस अड्डे में निर्माण कार्य शुरू हो गया।
दो बड़ी-बड़ी बोरवेल मशीनों ने काम शुरू कर दिया है। पानी की व्यवस्था करने के तुरंत बाद आगे का काम बिना रोक-टोक शुरू हो जाएगा।
काम शुरू होने की सूचना मिलते ही एकाएक दुकानदार निर्माण कार्य शुरू होता देखने पहुंच रहे हैं। वर्षों के बाद कार्य शुरू होने के साथ ही दुकानदारों में उत्साह भी है।
कई वर्षों की कशमकश के बाद मल्टीटायर पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू हुआ है। शापुर्जी पालनजी एडं प्राइवेट कंपनी लिमिटेड ने जेडीए के साथ दो वर्ष में कार्य को मुकम्मल करने का एग्रीमेंट किया है।
वर्षों बाद मल्टी टायर पार्किंग बनने के सपने को साकार होता देख दुकानदारों में चर्चाएं हैं। अलग-अलग सरकारों के कार्यकाल के चलते बस स्टैंड में दो बार इसके निर्माण कार्य का नींव पत्थर रखा जा चुका है।
एनसी-कांग्रेस गठबंधन सरकार के कार्यकाल में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने डेढ़ साल पहले नींव पत्थर रखा था। फिर 2015 में भाजपा-पीडीपी सरकार के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने इसकी नींव रखी।
पंद्रह दिन पहले किसी बस की टक्कर से नींव पत्थर टूट गया था, जिसके चलते चालक के खिलाफ बस स्टैंड में एफआईआर भी दर्ज हुई।