आखिर लंबे समय बाद बस स्टैंड में मल्टी स्टोरी पार्किंग के अधूरे प्रोजेक्ट को गति मिलने लगी है।
पार्किंग के लिए मंगलवार दोपहर तीन बजे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला नींव पत्थर रखेंगे। बस स्टैंड में करीब एक घंटे का कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें मुख्यमंत्री दुकानदारों को संबोधित भी करेंगे।
आयोजन के संबंध में सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। बस स्टैंड में दो दिन पहले से ही साफ-सफाई का काम किया जा रहा था। जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) की देखरेख में बस स्टैंड में मल्टीस्टोरी पार्किंग का शिलान्यास होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बतौर मुख्यातिथि उपस्थित होंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री तारा चंद गेस्ट आफ आनर होंगे। इस मौके पर गृह राज्यमंत्री सज्जाद अहमद किचलू, आवास, संस्कृति, युवा सेवा एवं खेल मंत्री रमण भल्ला, शहरी विकास मंत्री नवांग रिग्जिन जोरा, शहरी विकास सचिव सतीश नेहरू और जेडीए की वाइस चेयरपर्सन सुषमा चौहान मौजूद रहेंगी।
इस दौरान बस स्टैंड के दुकानदार भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री उमर दुकानदारों को मल्टी स्टोरी के मकसद, लाभ तथा इसे प्रयोग में लाने के बारे में जानकारी देंगे। जेई सुरिंद्र पंडोह और सुलभ इंचार्ज एके मिश्रा की निगरानी में बस स्टैंड के गड्ढे भरने के साथ-साथ साफ-सफाई करवाई गई है।