एतिहासिक मुगल रोड रविवार से एकतरफा यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। अगले दो हफ्तों में इसे दोनों तरफ से खोलने की तैयारी है। छह महीने से बंद मुगल रोड मई महीने के अंत में खुलता है, लेकिन इस वर्ष बर्फ हटाने का काम जल्द खत्म होने पर इसे पहले ही खोला जा रहा है।
वहीं, दरबार मूव के चलते 3 और 4 मई को मुलाजिमों की कानवाई के लिए जम्मू से ही वाहन छोड़े जाएंगे। इस दौरान श्रीनगर से ट्रैफिक को इजाजत नहीं दी जाएगी। ट्रैफिक कंट्रोल रूम के अनुसार रविवार सुबह 5-10 बजे तक जम्मू से श्रीनगर के लिए वाहन रवाना किए जाएंगे।
सचिवालय कर्मियों को प्राथमिकता पर छोड़ा जाएगा। पीडब्लयूडी मंत्री अल्ताफ बुखारी ने इसकी जानकारी दी। मुगल रोड को जम्मू-श्रीनगर यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाए जाने की घोषणा की जा चुकी है।
मुगल रोड के चीफ इंजीनियर रमन सूरी ने बताया कि 3, 4, 6, 8 और 11 मई को जम्मू से श्रीनगर के लिए वाहनों को एकतरफा छोड़ा जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक वाहनों की मूवमेंट होगी।
5,7,10 और 10 को श्रीनगर से जम्मू के लिए वाहन छोड़े जाएंगे। मंत्री अल्ताफ बुखारी का कहना है कि मुगल रोड पुंछ और शोपियां जिले के मध्य है और इससे जुड़ने वाले लोगों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को मजबूत करने का जरिया है।