पीडीपी संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने आज जम्मू में एक दिवसीय अधिवेशन के तहत अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि युवराज विक्रमादित्य सिंह के पीडीपी में आने से जम्मू में पार्टी को चेहरा मिला है और इससे जम्मू कश्मीर का इतिहास बदलेगा।
उन्होंने अधिवेशन में आए डेंटल सर्जन एसोसिएशन जम्मू कश्मीर के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि पीडीपी की सरकार बनने के बाद उनके मसलों का हल होगा।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पीडीपी में शामिल होने के बाद जम्मू पूर्व का उनका पहला दौरा है। जम्मू संभाग के हित में और डोगरा गौरव को बहाल करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए आपसी झगड़े भूलकर एक मंच पर एकत्रित होने की जरूरत है।
इस अवसर पर जम्मू पूर्व से पार्टी उम्मीदवार भारत चौधरी ने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को उजागर किया। वहीं पार्टी महासचिव एवं एमएलसी यशपाल शर्मा, प्रवक्ता रंगील सिंह आदि ने भी अपने विचार प्रकट किए।