जम्मू-कश्मीर में पीडीपी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की आज तीसरी पुण्यतिथि है। इस मौके पर पिछले दो साल से यहां पार्टी के संस्थापक दिग्गज नेता जुटते रहे हैं परंतु इस बार का नजारा कुछ अलग है। बिजबिहाड़ा में सईद की कब्रगाह पर वह चेहरे नहीं नजर आए जो कभी पार्टी की मुख्यधारा के नेता के रूप में जाने जाते थे।
इन नेताओं ने सियासत के बदलते परिदृश्य में पार्टी को छोड़ दिया है। इनमें डॉ. हसीब द्राबू, इमरान रजा अंसारी, जावेद मुस्तफा मीर प्रमुख रूप से शामिल हैं। हालांकि, पार्टी से जुड़े कुछ लोगों का कहना है कि भले ही उन्होंने पार्टी छोड़ दी है, लेकिन मुफ्ती के प्रति उनमें आदर कम नहीं हुआ है। ऐसे में वे अलग से बिजबिहाड़ा पहुंचे।
दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा में मुफ्ती की कब्रगाह पर पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती फातिहा पढ़ा। उनके साथ पारिवारिक सदस्य तथा पार्टी के अन्य नेता भी रहे। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मोहम्मद रफी मीर ने बताया कि पुण्यतिथि पर बिजबिहाड़ा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जम्मू में नौ जनवरी को कार्यक्रम होगा जिसमें महबूबा शिरकत करेंगी। इस कार्यक्रम में पूरे संभाग के पार्टी के पूर्व विधायक, एमएलसी तथा नेता शामिल होंगे।