रियासी के पर्यटन स्थल सुला पार्क में लोगों के साथ सांसद और विधायक।
-जुगल किशोर शर्मा ने विधायक दुबे के साथ कई पर्यटन स्थलों का किया दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। जिला मुख्यालय के साथ लगते पर्यटन स्थलों के विकसित होने की उम्मीद प्रबल हुई है। आने वाले दिनों में इन पर्यटन स्थलों का विकास व विस्तार करवाने के प्रयास शुरू होंगे। सोमवार को सांसद जुगल किशोर शर्मा ने यह बात कही। सांसद ने विधायक कुलदीप राज दुबे के साथ कई पर्यटन स्थलों का दौरा किया।
उन्होंने कटड़ा मार्ग पर स्थित सुला पार्क, बारादरी दरिया चिनाब, सियाड़ बाबा, आउटलेट माता के मंदिर, ध्यानगढ़ डैम टॉप, चिंकाह, सलाल स्थित शिव गुफा, कौड़ी का दौरा किया। इस दौरान इन स्थानों पर मौजूद पर्यटन व धार्मिक स्थलों को देखा। अधिकारियों को इन स्थानों को विकसित करने की योजना तैयार करने को कहा। सांसद शर्मा ने कहा कि श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से श्री शिवखोड़ी धाम के लिए काफी श्रद्धालु आते-जाते हैं। रियासी में कई पर्यटन व धार्मिक स्थान हैं। इन सभी स्थानों को आने वाले पांच वर्षों तक पर्यटन के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि विधायक कुलदीप राज दुबे भी इन सभी स्थलों के विकास हेतु तत्पर है। पर्यटन स्थलों को विकसित करने के साथ ही स्थानीय व्यवसाय को बढ़ावा दिया जाएगा और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। उनके साथ पर्यटन विभाग की डिप्टी डायरेक्टर सविता चौहान, सहायक डायरेक्टर कटड़ा अलका मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व भाजपा नेता मौजूद रहे।