लोग मांग करेंगे तो काम दिए जाएंगे
जहां-जहां कार्य की जरूरत महसूस हुई और जिस क्षेत्र से लोगों ने मांग की वहां सांसद निधि से विकास कार्यों की सिफारिश की गई है। जो ब्लॉक रह गए हैं वहां के लोग मांग करेंगे तो वहां भी काम दिए जाएंगे। - जुगल किशोर शर्मा, सांसद, जम्मू
जिले के चार ब्लॉकों में एक भी काम नहीं : डंसाल और नगरोटा के अलावा सांसद निधि से बिश्नाह ब्लॉक के लिए 11, मढ़, खौड़, खड़ा बल्ली और मथवार ब्लॉक के लिए चार-चार विकास कार्यों की सिफारिश की गई है। अरनिया, भलवाल और अखनूर ब्लॉक को तीन-तीन काम मिले हैं। परगवाल, आरएस पुरा और भलवाल ब्राह्मणा ब्लॉक के हिस्से दो-दो कार्य आए हैं। सतवारी, सुचेतगढ़ और फ्लायं मंडाल ब्लॉक को एक-एक विकास कार्य की सिफारिश की गई है। जम्मू नगर निगम क्षेत्र को 14 विकास कार्य मिले हैं। चौकी चौरा, मैरा मांदरियां, मीरां साहिब और समवन ऐसे ब्लॉक हैं जिनके लिए सांसद निधि से एक भी विकास कार्य की सिफारिश नहीं की गई है।
मिले वोटों का असर विकास कार्यों पर
2024 के लोकसभा चुनाव में मिले वोटों का असर भी सांसद निधि से विकास कार्यों के वितरण में नजर आता है। सांबा और रियासी जिले जम्मू लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा हैं जबकि राजोरी जिले की कालाकोट-सुंदरबनी विधानसभा भी इसी लोकसभा क्षेत्र में आती है। रियासी जिले से 2024 के चुनाव में जुगल किशोर को 75,472 जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रमण भल्ला को 87,626 वोट मिले थे। रियासी जिले के लिए सांसद निधि से सिर्फ एक विकास कार्य की सिफारिश की गई है। वहीं, सांबा जिले से जुगल किशोर को 1,04,323 और रमण भल्ला को 81,338 वोट मिले। सांबा जिले के लिए 30 विकास कार्यों की सिफारिश की गई है। इसी तरह कालाकोट-सुंदरबनी विधानसभा से जुगल किशोर को 38,848 और रमण भल्ला को 23,676 वोट मिले थे। राजोरी जिले के लिए सांसद निधि से 13 विकास कार्य सुझाए गए हैं।