राज्य पुलिस ने श्रीनगर से पांपोर के बीच के नेशनल हाइवे को सबसे अधिक खतरनाक करार दिया हुआ है। क्योंकि इसी रूट पर पिछले कुछ सालों से सबसे अधिक आतंकी हमले हुए हैं। आतंकी बार बार इसी रूट पर सुरक्षाबलों के काफिलों को निशाना बनाते रहे हैं।
यह सब जानते हुए भी सीआरपीएफ के काफिले पर हमला हुआ है। यह सुरक्षा में कहीं न कहीं बड़ी चूक जरूर है। जबकि यह जानते हुए कि यह रूट खतरनाक है, इसकी सुरक्षा पिछले कई सालों से सुनिश्चित नहीं हो सकी है।
अनंतनाग से श्रीनगर तक करीब 50 किलोमीटर की दूरी है। श्रीनगर से पांपोर की दूरी 20 किलोमीटर की है। आतंकियों ने हाइवे पर जब भी हमला किया है, इसी रूट पर किया है। सेना, बीएसएफ और सीआरपीएफ के काफिलों पर हमला किया गया।
वर्ष 2017 में अमरनाथ यात्रा की गाड़ियों को भी अनंतनाग रूट पर निशाना बनाया गया था। 2017 में ही सेना के काफिले पर आतंकियों ने हमला किया। अकसर इसी रूट पर आतंकी या तो ग्रेनेड फेंकते हैं या फिर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाते हैं। इस रूट पर सुरक्षा को मजबूत नहीं किया जा रहा।