एलओसी पर पहुंचे केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री
- फोटो : Amar Ujala
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सुभाष भामरे ने शुक्रवार को एलओसी पर पहुंचकर सुरक्षा हालात की समीक्षा की और सीमा पर तैनात जवानों से रू-ब-रू हुए। जवानों में जोश भरते हुए कहा कि दुश्मन को उसी की भाषा में और कठोरता के साथ जवाब दिया जाना चाहिए।
भामरे दो दिन के श्रीनगर दौर पर पहुंचे हैं। उन्होंने नौगाम में शहीद हुए जवान को श्रद्धांजलि भी दी। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि चिनार कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल जेएस संधु ने घाटी की सुरक्षा स्थिति की रक्षा राज्य मंत्री सुभाष भामरे को जानकारी दी।
भामरे ने तमाम सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर घाटी में हालात सामान्य बनाने के लिए कहा। उन्होंने घाटी के सुरक्षा हालात की जानकारी लेने के साथ-साथ नियंत्रण रेखा का भी जायजा लिया। कोर कमांडर के साथ रक्षा राज्य मंत्री भामरे ने नियंत्रण रेखा पर जाकर आगे के इलाकों की भी सुरक्षा के लिहाज से समीक्षा की।