कश्मीर रेंज के आईजीपी एसपी पाणि ने कहा है कि दक्षिण कश्मीर के 15 से अधिक युवाओं ने अपने परिवार के सदस्यों के प्रयास से पिछले कुछ महीनों से आतंकवाद का रास्ता छोड़ा है। पुलिस उन युवाओं को हर संभव तरीके से मदद करेगी जो मुख्यधारा में शामिल होना चाहते हैं।
आईजी ने कहा कि दक्षिण कश्मीर के कुछ आतंकवाद प्रभावित इलाकों में हिंसा का ग्राफ काफी नीचे आ गया है। धीरे-धीरे ही सही लेकिन दक्षिण कश्मीर के कुछ हिस्सों में सामान्य स्थिति की बहाली शुरू हो गई है। सोशल मीडिया या अन्य कारणों से कुछ युवा आतंकवाद में शामिल हो गए। लेकिन हम इन युवाओं के सुधार के लिए प्रतिबद्ध हैं और नहीं चाहते कि वे हिंसा के मार्ग को अपनाएं।
उन्होंने बताया कि रविवार को सीमांत जिले कुपवाड़ा में चार युवाओं को उस समय गिरफ्तार किया गया था जब वे सीमा पार जाने की कोशिश कर रहे थे। इनसे पूछताछ की जा रही है। उम्मीद है कि परामर्श के बाद उनका पुनर्वास किया जाएगा।