जम्मू यूनिवर्सिटी के विशेष दीक्षांत समारोह के लिए जनरल जोरावर सिंह आडीटोरियम एक बार फिर सजने जा रहा है। यहां पर साफ-सफाई का पुख्ता इंतजाम करवाया जा रहा है, ताकि आगामी सोलह सितंबर को विशेष दीक्षांत समारोह आयोजित हो सके।
जानकारी के मुताबिक गोल्ड मेडल विजेता तथा पीएचडी होल्डरों द्वारा अब तक पांच सौ से अधिक पंजीकरण करवाए जा चुके हैं। सोमवार को भी जम्मू यूनिवर्सिटी में विशेष दीक्षांत समारोह के लिए विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाए। वर्ष 2010 में पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर चुकी पंजीकरण करवाने आई बिजनेस मैनेजमेंट की छात्रा कोमल ने बताया कि उन्हें बहुत खुशी हो रही है कि सोलह सितंबर को विशेष दीक्षांत समारोह होने जा रहा है और चांसलर राज्यपाल के हाथों उन्हें उपाधि मिलेगी।
सोशियालाजी विषय से वर्ष-2012 में पीएचडी कर चुकी रुपाली गुप्ता और निधि गुप्ता पहुंचीं, जहां उनके द्वारा पंजीकरण करवाया गया। निधि स्वयं जूलोजी एमएससी गोल मेडल हैं। उन्हें भी इस दीक्षांत समारोह के लिए बेहद इंतजार है। इस विशेष दीक्षांत समारोह को लेकर उन्होंने बताया कि इसकी प्रतीक्षा कई वर्षों से जारी थी, जिसे पूरी सोलह सितंबर को होने जा रही है।