एसी-कूलर के बढ़ते दबाव से रोज 40 से ज्यादा ट्रांसफार्मर जल रहे
- फोटो : AI
भीषण गर्मी में भी बिजली ढांचा हांफ रहा है। कभी विभाग की ओर से मरम्मत कार्य को लेकर कट लगाए जा रहे हैंं तो कभी अधिक हीट के कारण ट्रांसफार्मर जवाब दे रहे हैं। जम्मू संभाग में पीक सीजन में बिजली लाेड 1650 मेगावाट पार कर गया है। ऐसे में प्रतिदिन 40 से ज्यादा ट्रांसफार्मर जल रहे हैं। घंटों बिजली गुल होने से पानी का संकट बढ़ गया है। लोगों के लिए रोजमर्रा के काम निपटाना मुश्किल हो चुका है।
बुधवार को हालात ऐसे रहे कि बिश्नाह, अखनूर, आरएस पुरा, अरनिया सहित आसपास इलाकों में 20 से ज्यादा ट्रांसफार्मर जले। गंग्याल, बंधुरख, नरवाल, बठिंडी, मझीन, रूपनगर, तालाब तिल्लो सहित कई इलाकों में 18 से ज्यादा ट्रांसफार्मर जले। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहर में हुई। बंद पंखों व एसी के बीच लोगों को पसीने से तरबतर होना पड़ा। कई इलाकों में पानी के लिए हाहाकार मच गया।जानीपुर, रूपनगर, बनतालाब, मुट्ठी, तालाब तिल्लो, रिहाड़ी, लखदाता बाजार, जुलाखा मोहल्ला, उस्ताद मोहल्ला, सिद्दड़ा, कासिम नगर, शेख नगर में जल संकट रहा। लोगों ने प्यास बुझाने के लिए सरकारी टैंकर मंगवाने के लिए कॉल की मगर सुविधा नहीं मिली। निजी टैंकर हायर कर काम निपटाए गए।