श्रीनगर हाउसिंग बोर्ड के जूनियर इंजीनियर तारिक अहमद गेनेई के छह बैंक खातों में तीन करोड़ से अधिक की रकम मिली है। उनके बैंक खातों को संदिग्ध मानते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वत लेने समेत अन्य आरोप में केस दर्ज करवाया है। मंगलवार को ब्यूरो ने जेई के पुलवामा स्थित घर में छापेमारी कर कागजात जब्त किए। जांच में पता चला है कि कई ठेकेदारों और अन्य ने तारिक के खातों में कई बार पैसे जमा कराए हैं।
दरअसल, जूनियर इंजीनियर पर कई प्रकार के आरोप लगे थे। इसके बाद इसकी जांच एसीबी को दी गई। इसमें पता चला कि (जेई) तारिक अहमद के छह बैंक खाते हैं जिनमें बडे़े पैमाने पर संदिग्ध लेनदेन किया गया है। कई लोगों ने उनके खातों में बड़ी रकम जमा करवाई है। अधिकारियों को जांच में पता चला कि उनके सैलरी अकाउंट में 30 सितंबर को 10 लाख जमा किए गए हैं। इसी अवधि में तारिक के छह खातों में 3 करोड़ 3 लाख रुपये जमा हैं।
यह पैसा उनकी कुल आय का 3 हजार फीसदी अधिक है। जांच में पता चला है कि जहां भी जेई की तैनाती हुई और वहां के ठेकेदारों ने उसके खातों में पैसे जमा कराए। उन्होंने अपने पद का गलत इस्तेमाल करके पैसा कमाया। इसलिए ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में जांच जारी है।