जम्मू कश्मीर पंचायत कांफ्रेंस के अध्यक्ष मोहम्मद इकबाल वानी ने कहा कि कुछ दिन पहले सरकार की ओर से बैक टू विलेज टू कार्यक्रम की घोषण की गई है। वह यह पूछना चाहते हैं कि वह किस मुंह से लोगों के सामने जाएंगे। क्योंकि बैक टू विलेज वन कार्यक्रम के तहत जो शिकायतें दर्ज हुई थीं, उनका समाधान अब तक नहीं हुआ है। जमीनी स्तर पर कोई विकास भी नहीं हुआ।
वानी ने शनिवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में सरकार ने जिन हालातों में पंचायत चुनाव करवाए वह एक चुनौती भरी स्थिति थी। उसके बाद यहां बीडीसी चुनाव करवाए गए। वानी ने कहा कि अब पिछले कुछ दिनों से सरकार द्वारा बैक टू विलेज टू प्रोग्राम की घोषणा की गई है।
वह सरकार से पूछना चाहते हैं कि जो बैक टू विलेज वन प्रोग्राम में जो लोगों की शिकायतें थी उनपर कितना काम हुआ है। उन्होंने कहा कि लोग अपनी पुरानी शिकायतों को लेकर जवाब मांग रहे हैं, लेकिन उनके पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि विकास के लिए जो भी पैसा मिलना चाहिए वह अब तक नहीं मिला है। केंद्र की किसी भी स्कीम को जमीनी स्तर पर नहीं लागू किया गया है।