जम्मू। ईरान से चिकित्सा की पढ़ाई पूरी कर स्वदेश लौटे मेडिकल छात्रों की इंटर्नशिप अवधि तय करने के लिए रविवार को मोहाली में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) और जम्मू-कश्मीर मेडिकल काउंसिल सहित कई राज्यों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
ईरान में पिछले कई महीनों से जारी युद्ध के माहौल के बीच जम्मू-कश्मीर के बड़ी संख्या में छात्र एमबीबीएस और एमडी जैसी डिग्रियां पूरी कर लौटे हैं। नियमानुसार छात्रों को भारत लौटने के बाद विभिन्न चरणों में इंटर्नशिप पूरी करनी होती है। इसके लिए एनएमसी से अनुरोध कर अंतिम तिथि पहले ही आगे बढ़ाई जा चुकी है।
जम्मू-कश्मीर मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार डॉ. संदीप डोगरा ने बैठक में शामिल होने से पूर्व बताया कि इंटर्नशिप की अवधि एक, दो या तीन वर्ष तक कराने की व्यवस्था है। इस संबंध में अंतिम तिथि और मेरिट सूची जारी करने का मुख्य निर्णय एनएमसी को लेना है। हालांकि देर शाम तक बैठक में लिए गए अंतिम निर्णय की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आ सकी है।