प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जम्मू के एमए स्टेडियम में 38 मिनट का भाषण जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के पांचवें और आखिरी चरण की बीस विधानसभा सीटों पर खास तौर पर केंद्रित रहा।
मोदी ने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस, पीडीपी और कांग्रेस के नेता यह कह रहे हैं कि भाजपा को कश्मीर से कोई सीट नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि कश्मीर और जम्मू को अलग-अलग करके देखना इन पार्टियों के नेताओं को शोभा देता है क्या।
उन्होंने कहा कि जम्मू संभाग में रैलियों में उमड़ रही भीड़ परिवर्तन का संकेत दे रही है और जम्मू की जनता को इन तीनों पार्टियों को यह दिखा देना चाहिए कि आखिरी चरण की बीस विधानसभा सीटों पर होने वाले मतदान में पीडीपी, नेकां और कांग्रेस कोई सीट नहीं मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह जम्मू के लोगों के स्वाभिमान को चुनौैती देने आए हैं। उन्होंने कहा कि जब वह संगठन का काम करते थे और जम्मू पहुंचते थे तो उन्हें कश्मीर केंद्रित पार्टियों की ओर से जम्मू से भेदभाव के किस्से सुनने को मिलते थे। उन्होंने कहा कि जब वह नेकां, पीडीपी और कांग्रेस के नेताओं के बयान पड़ते हैं तो उन्हें लगता है कि शिकायतों में दम है।
इसलिए जम्मू से भेदभाव को हमेशा से खत्म करने के लिए आखिरी चरण की सीटों को भाजपा की झोली में डालिए। मोदी ने कहा कि जम्मू कश्मीर चुनाव पर विश्व की नजर है और जिस तरीके से लोगों ने केंद्र में स्थिर सरकार बनाई, उन्हें विश्वास है कि जम्मू कश्मीर में भी पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी।