रियासत में खराब मौसम के चलते सरकार की ओर से घोषित की गई सात सितंबर तक की छुट्टियों के चलते सरकारी स्कूलों में मोदी सर की क्लास तो नहीं हो पाई, लेकिन कई केंद्रीय विद्यालयों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ।
बहरहाल, रियासत के सरकारी स्कूलों के बच्चों ने घर पर मोदी सर की क्लास का सीधा कार्यक्रम देखा और उन्हें देश के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के साथ मोदी का संवाद और बच्चों के सवालों के जवाब लाजवाब लगे।
लेह केंद्रीय विद्यालय में बच्चों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद किया। गांधीनगर स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर एक में भी मोदी सर की क्लास के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
बच्चों ने पूरे ध्यान से देखा कार्यक्रम
इससे स्टाफ के सदस्य भी मौजूद रहे। इसके अलावा भी सूचना के अनुसार रियासत के कई केंद्रीय विद्यालयों में मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ। रियासत में 36 केंद्रीय विद्यालय हैं, जबकि 14 जवाहर नवोदय विद्यालय और दो सैनिक स्कूल चल रहे हैं।
वहीं, स्कूली शिक्षा निदेशक जम्मू एचआर पखरू का कहना है कि खराब मौसम की वजह से स्कूलों में छुट्टियां होने के चलते मोदी की क्लास स्कूलों में तो नहीं लग पाई, लेकिन घरों में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को जरूर देखा गया।
मोदी के जवाब सुनकर उत्साहित आठवीं कक्षा के सात्विक का कहना है कि प्रधानमंत्री ने देश के बच्चों से सीधा संवाद कर दिल में जगह बनाने के साथ ही उनके जवाब में संदेश में छिपा हुआ था। नौवीं कक्षा की रीतिका शर्मा का कहना है कि मोदी सर ने देश के बच्चों को बिजली और पानी की बचत का मंत्र देने के अलावा प्रकृति के संरक्षण का पाठ भी पढ़ाया है जोकि उन्हें बेहद पसंद आया।
गांधीनगर कालेज में भी चली मोदी की पाठशाला
शिक्षक दिवस पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये देश के विद्यार्थियों से बातचीत की। इसके लिए गांधीनगर गवर्नमेंट महिला कालेज के हास्टल में खास इंतजाम किया गया। कालेज की प्रिंसिपल डा. किरण बख्शी ने मेस में छात्राओं को मोदी का संदेश सुनाने के लिए एलसीडी लगवायी थी।
यहां विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पाठशाला में हिस्सा लिया और विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे सवाल जवाब सुने। गर्ल्स हास्टल की वार्डन अनीता कोतवाल ने बताया कि इस तरह की पाठशाला के आयोजन से न सिर्फ विद्यार्थी, बल्कि शिक्षकों को भी प्रेरित किया जा रहा है। इस तरह की पाठशाला से राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थी और शिक्षकों को अहम भूमिका निभाने का संदेश मिला है।
गांधीनगर स्थित केंद्रीय विद्यालय के कांफ्रेंस हॉल में भी मोदी की पाठशाला लगी। केंद्रीय विद्यालय संगठन के शिक्षकों और अन्य स्टाफ सदस्यों ने नरेंद्र मोदी को सुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पाठशाला दिखाने के लिए केवी ने विद्यार्थियों के लिए खास तौर पर इंतजाम कर रखे थे। सभी स्कूलों और कालेजों में नोटिस लगवाया गया था कि वह अपने घरों में बैठकर नरेंद्र मोदी की पाठशाला को देखें और सीखें।