प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान (क्लीन इंडिया) की राह पर अब जम्मू भी चलेगा। मंदिरों के शहर को चकाचक करने के लिए कई विभाग इस महायज्ञ में आहुति डालने को तैयार हैं। हालांकि कई विभागों में अभी तक इसका इंतजार है। एयरपोर्ट अथारिटी, नगर निगम, रेलवे विभाग और पुलिस विभाग ने शहर को नीट एंड क्लीन करने का बीड़ा उठा लिया है। हालांकि इसके लिए आमजन की भागीदारी जरूरी होगी।
अभी के हालात पर बात करें तो जम्मू रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता का भारी अभाव है। रोजाना हजारों यात्री स्टेशन पर आवाजाही करते हैं। विभागीय अधिकारी दो अक्तूबर को देशव्यापी स्वच्छता की मुहिम में शामिल होने के दावे कर रहे हैं। जम्मू रेलवे स्टेशन पर रोजाना 30-32 ट्रेनों का आवागमन होता है लेकिन गंदगी का चारों ओर आलम है। मंगलवार को भी स्टेशन पर यही नजारा था।
रेलवे स्टेशन टूरिस्ट सेंटर के सामने अमरनाथ यात्रा के दौरान बने अस्थायी शौचालयों को अभी तक नहीं हटाया गया है। यहां यात्रियों की ओर से डाली जा रही गंदगी को साफ करने के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था नहीं है। स्टेशन के ट्रैक के साथ प्लेटफार्म पर भी स्वच्छता का भारी अभाव है।
एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया ने भी शुरु किया अभियान
मंगलवार को एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया के सहयोग से जम्मू एयरपोर्ट पर स्वच्छता अभियान के तहत सफाई अभियान चलाया गया। जम्मू एयरपोर्ट के डायरेक्टर रमेश कुमार की देखरेख में चले इस अभियान में एयरपोर्ट के स्टाफ सदस्यों और कर्मचारियों ने श्रमदान किया।
एयरपोर्ट स्टाफ और कर्मचारियों को कूड़ा कचरा फेंकने के लिए डस्टबिन का इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया। अब यह सफाई अभियान निरंतर जारी रहेगा। एसएसपी जम्मू उत्तम चंद के मुताबिक पुलिस विभाग में सफाई व्यवस्था को काफी प्रमुखता दी जाती है।
स्वच्छता अभियान में पुलिस महकमा भी अपना योगदान देने की तैयारी कर रहा है। नगर निगम के हेल्थ आफिसर डा. मोहम्मद सलीम खान स्वच्छता अभियान में नई बस्ती, बख्शी नगर, वाल्मीकि बस्ती, राजीव कालोनी आदि क्षेत्रों के साथ ही पूरे शहर को शीशे की तरह चमकाने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं।
जीएमसी के प्रिंसिपल डा. घनश्याम देव गुप्ता का कहना है कि स्वच्छता अभियान में अस्पतालों में सफाई व्यवस्था पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जाएगा। जीजीएम साइंस कालेज की एनएसएस यूनिट की ओर से एक अक्तूबर को वर्कशाप का आयोजन किया जाएगा। अगले दिन सुबह सात बजे रैली में विद्यार्थी शामिल होंगे।
थल और वायुसेना भी पीछे नहीं रहेगी
रियासत में तैनात थल सेना और वायुसेना की विभिन्न टुकड़ियां भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान में जोर-शोर से भाग ले रही हैं।
तमाम सैन्य क्षेत्रों और उसके आसपास के इलाकों में सेना की ओर से न सिर्फ सफाई के लिए स्थायी इंतजाम किए जा रहे हैं, बल्कि लोगों को इसके लिए जागरूक भी किया जा रहा है। ऐसा ही नजारा सतवारी सैन्य क्षेत्र में देखने को मिला।
डेढ़ सौ रेल कर्मी करेंगे सफाई
डीटीएम जम्मू आरएन मीणा का कहना है कि दो अक्तूबर को गांधी जयंती के उपलक्ष्य में करीब डेढ़ सौ रेल कर्मचारी स्वच्छता अभियान में जुटेंगे। उस दिन उच्च अधिकारी से लेकर कनिष्ठ कर्मी स्वच्छता अभियान में श्रमदान करेंगे।