पीएम मोदी ने राज्य की उमर सरकार की बात मानते हुए करोड़ों की राहत दी है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और राज्य के सीएपीडी मंत्री चौधरी मोहम्मद रमज़ान लगातार केंद्र सरकार से कर्ज के ब्याज की राशि को माफ करने की मांग कर रहे थे।
आखिरकार मोदी सरकार ने उमर सरकार की मांग पूरी करते हुए करोड़ों के ब्याज को माफ कर दिया है। बता दें कि केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को 59.74 करोड़ की ब्याज राशि की छूट दी है। यह ब्याज राशि राज्य सरकार द्वारा फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया को चुकानी थी।
राज्य सरकार द्वारा 1999 और 2002 में फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया से अनाज लिया गया था। सरकार ने अनाज की असली राशि चुकाने के बाद ब्याज माफ करने की मांग की थी।
राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और सीएपीडी मंत्री चौधरी मोहम्मद रमज़ान इस माह केंद्रीय अनाज एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान से इसी सिलसिले में मिले और हस्तक्षेप करने को कहा था। केंद्र सरकार ने कुल 70 करोड़ की बकाया ब्याज राशि में से 59.74 करोड़ की राशि माफ कर दी है।