प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति पर चर्चा के लिए वीरवार 13 दिसंबर को सभी राज्यों के प्रदेशाध्यक्षों व महासचिव संगठनों को नई दिल्ली में तलब किया है। जम्मू-कश्मीर से प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना और महासचिव संगठन अशोक कौल बैठक में हिस्सा लेने के लिए बुधवार को नई दिल्ली के लिए बाया ट्रेन रवाना हो गए।
पार्टी सूत्रों के अनुसार लोकसभा चुनाव के साथ साथ जम्मू कश्मीर में अगले साल विधानसभा चुनाव भी तय हैं। ऐसे में पूरी संभावना हैं कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह राज्य के प्रदेश नेतृत्व के साथ राज्य में विधानसभा चुनाव में भाजपा की रणनीति पर अलग से भी चर्चा करें और दिशा निर्देश भी जारी करें।
हिंदी भाषी तीन राज्यों में भाजपा के हाथ से सत्ता निकलने के बाद पार्टी अब लोकसभा चुनाव की तैयारी में जी जान से जुटना चाहती हैं। ऐसी संभावना हैं भी हैं कि उम्मीदवारों के नाम भी भाजपा जल्द तय करें ताकि उम्मीदवारों को मतदाताओं के बीच रहकर काम करने का ज्यादा मौका मिल सकें।
राज्य में भाजपा के लोकसभा में तीन सांसद हैं। इनमें जम्मू पुंछ से लोकसभा सीट से जुगल किशोर शर्मा, डोडा उधमपुर कठुआ से डॉ . जितेंद्र और लद्दाख में भाजपा के सांसद थुपस्टान छिवांग शामिल हैं। हालांकि छिवांग ने हालही में पार्टी व संसद सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।