भाजपा विधायक रविंद्र रैणा ने रविवार को बारामुला में मकबूल शेरवानी की कब्र पर जाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के दौरान तिरंगा झंडा भी फहराया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गान जन-गण-मन भी गाया गया।
1947 में बारामुला में पाकिस्तानी हमलावरों का मकबूल शेरवानी और उनके साथियों ने डटकर सामना किया था और उन्हें बारामुला में घुसने से रोकने के दौरान अपनी शहादत दी थी। शेरवानी को बारामुला के रक्षक के तौर पर भी जाना जाता है।
रविंद्र रैणा ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा रियासत के हर हिस्से में रह रहे राष्ट्रवादी विचारधारा के लोगों के साथ न्याय करेगी। उन्होंने कहा, पाकिस्तानी एजेंडे को जम्मू-कश्मीर में लागू करने की किसी भी साजिश को नाकाम किया जाएगा।
उन्होंने रास्ता भटके युवाओं से सलाउद्दीन का रास्ता छोड़ मकबूल शेरवानी का रास्ता अपनाने की अपील की, ताकि कश्मीर में शांति और खुशहाली का माहौल बन सके।
रैणा ने कहा कि बारामुला में खुलेआम तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय गान गर्व के साथ गाया गया। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले को आतंकवाद प्रभावित माना जाता है और यहां पर खुलेआम तिरंगा झंडा लहराए जाने से राष्ट्रवादी तत्त्वों का उत्साह बढ़ा है।