मिश्रीवाला। मढ़ ब्लॉक के चक जाफर गांव में भीषण गर्मी के बीच 25 घंटे तक बिजली गुल रहने से ग्रामीणों का बुरा हाल हो गया। रविवार शाम करीब सात बजे बिजली बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
लोगों ने बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे मुख्य ट्रांसफार्मर जल गया। आधे गांव की बिजली ठप हो गई। इन्वर्टर भी कुछ घंटे में जवाब दे गए। रातभर बच्चे गर्मी से रोते-बिलखते रहे, बुजुर्ग और बीमार लोग घुटन से परेशान रहे। ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना दी लेकिन रात में मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका। दोपहर को विभाग के कर्मी पहुंचे और नया ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू किया। शाम सात बजे गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि गर्मी से पहले ही सभी ट्रांसफार्मरों की क्षमता जांची जाए और जर्जर उपकरण बदले जाएं ताकि ऐसी परेशानी दोबारा न हो। संवाद