बनतालाब। लक्ष्मी सेक्टर बी-1 के प्लॉट में रविवार शाम अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे प्लॉट को चपेट में ले लिया जिससे आसमान में धुएं के गुबार छा गया। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने तुरंत फायर स्टेशन रूपनगर को सूचित किया। फायर स्टेशन इंचार्ज राम रतन की अगुवाई में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कर्मियों ने बिना समय गंवाए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दमकल विभाग की मुस्तैदी के कारण आग आसपास के मकानों तक फैलने से रुक गई और बड़ा हादसा बच गया।