लद्दाख में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेते वित्त एवं कॉरपोरेट अफेयर्स राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर
- फोटो : ट्विटर
खेल को बढ़ावा देने के लिए लेह में क्रिकेट और खेल अकादमी खोली जाएगी। इससे स्थानीय युवा क्रिकेट सहित अन्य खेलों में दमखम दिखा पाएंगे। यह बात वित्त एवं कॉरपोरेट अफेयर्स राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कही। 370 हटने के बाद पहली बार लद्दाख के दौरे पर पहुंचे ठाकुर ने भारतीय सेना के साथ खारदुंगला दर्रे पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और 15वें वित्त आयोग के सदस्यों के अलावा हित धारकों के साथ बातचीत की और शीघ्र विकास का आश्वासन दिया।
इस दौरान युवाओं को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। इसका कारण पिछले कई वर्षों की मेहनत है। लेह में एक क्रिकेट और खेल अकादमी स्थापित होने से यहां के युवाओं की भागेदारी भी खेल में बढ़ेगी।
प्लास्टिक कचरा भी उठाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्लास्टिक मुक्त भारत के संकल्प को दोहराते हुए ठाकुर ने समुद्र तल से 18 हजार फीट की ऊंचाई पर खारदुंगला के पास प्लास्टिक की बोतलें व कूड़ा इकट्ठा किया। इस दौरान ठाकुर ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक से निजात पाने की आवश्यकता है।