जम्मू। वर्ष 2013 में पाकिस्तान की बार्डर एक्शन टीम (बैट) ने सैन्यकर्मी हेमराज का सिर काट लिया था। यह कायराना हरकत पुंछ के मेंढर सेक्टर में की गई थी। पाकिस्तान की बैट टीम फिर से इसी तरह की वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। खुफिया एजेंसियों के पास इसकी जानकारी पहुंची है। पाकिस्तान की बैट पुंछ, राजोरी और कुपवाड़ा जिलों की एलओसी पर ऐसी हरकत की साजिश रच रही है।
2013 के बाद से लगातार पाकिस्तान की बैट इस तरह के हमलों को अंजाम देने की कोशिश कर रही है। भारत की ओर से सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद भी बैट की सक्रियता एलओसी से कम नहीं हुई है। बैट अब भी एलओसी के पास हैं, जिनको पाकिस्तानी सेना पूरा सहयोग कर रही है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इन टीमों को खर्चा दे रही है। टीमों को हर सुविधा उपलब्ध कराने की फंडिंग आईएसआई कर रही है। सूत्रों का यह भी कहना है कि पीओके में एलओसी के पास यह बैट वहां की स्थानीय मस्जिदों में पनाह लेकर बैठी हुई हैं, जो एलओसी पर सक्रिय ओवर ग्राउंड वर्करों के लगातार संपर्क में हैं। पुलवामा हमले के बाद सेना की कार्रवाई से बौखलाए आतंकी संगठन किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। यही वजह है कि बार-बार बैट हमले करने का प्रयास कर रही है। गौरतलब है कि अभी कुछ दिन पहले ही बैट के सात सदस्यों को सेना के जवानों ने मार गिराया था।