पाक की तरफ से मंगलवार दोपहर को अखनूर के पलांवाला सेक्टर में एलओसी पर फायरिंग की आड़ में घुसपैठ का प्रयास किया गया। भारतीय जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब देते हुए आतंकियों को भागने पर मजबूर कर दिया।
फायरिंग में सेना का एक जवान घायल हुआ है। जवान को सतवारी स्थित आर्मी अस्पताल में एयरलिफ्ट कर पहुंचाया गया। यहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद सेना ने पूरे इलाके में सर्च आपरेशन चलाया।
जानकारी के अनुसार पलांवाला सेक्टर में मंगलवार दोपहर को करीब साढे 12 बजे पाक की तरफ से एलओसी की नलवा पोस्ट को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने देखा कि तीन से चार आतंकी सीमा से भारतीय क्षेत्र में घुसने का प्रयास कर रहे हैं। जवानों द्वारा जवाबी फायरिंग करने पर आतंकी वापस भाग गए।
फायरिंग में घायल सेना के जवान की पहचान इंद्रजीत शर्मा (11 जैकलाई) के रूप में हुई है। फायरिंग बंद होने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में शिफ्ट किया गया। सैन्य प्रवक्ता मनीष मेहता का कहना है कि संघर्ष विराम का उल्लंघन हुआ है।
उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सेना की ओर से एलओसी पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि आतंकी किसी तरह से घुसपैठ न कर सकें।