पीडीपी नेता की गोली मारकर हत्या, इनसेट में फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
घाटी में आतंकियों ने रविवार को दो आतंकी घटनाओं को अंजाम दिया। सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमले के साथ ही एक पीडीपी नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। इन घटनाओं के बाद सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है।
शोपियां जिले में शाम करीब सवा चार बजे सेना की 34 राष्ट्रीय राइफल्स की पेट्रोलिंग पार्टी पर आतंकियों ने हमला किया। पोटरवाल गांव के पास से पेट्रोलिंग पार्टी गुजर रही थी तभी आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई के बाद आतंकी मौके से भाग निकले। इसके बाद पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। श्रीनगर के हैदरपोरा इलाके में पीडीपी नेता मोहम्मद अमीन डार की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
श्रीनगर के बाहरी इलाके गंगबुग में आतंकियों ने दो गोलियां मारी थी, जो उनके सीने और पीठ में लगी। इसके बाद उन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम कोशिश के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बताते हैं कि अमीन पीडीपी के पूर्व मंत्री अल्ताफ बुखारी का काफी करीबी थी। पुलिस जांच में जुट गई है। हालांकि, पीडीपी के मुख्य प्रवक्ता रफी मीर ने बताया कि अमीन पार्टी में किस लेवल का कार्यकर्ता था, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। वह भी खबरों में ही सुन रहे हैं।