फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

J&K: आधी रात को जम्मू बस अड्डे पर आतंकी हमला, दो पुलिसकर्मी समेत तीन घायल

Fri, 25 May 2018 12:36 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
विज्ञापन
ATTACK - फोटो : SANJAY GUPTA
विज्ञापन

सुंजवां आर्मी कैंप पर हमले के करीब चार महीनों बाद जम्मू में आतंकियों ने हमला किया है। आतंकियों ने जम्मू बस अड़्डे के पास पुलिस पार्टी को निशाना बना कर ग्रेनेड दागा।  इस हमले में जेकेपी के दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

विज्ञापन


जिनकी पहचान एसपीओ अजय और पीएसओ इशरार शाह के तौर पर हुई है। इस हमले में एक नागरिक भी जख्मी हुआ है। पुलिस पार्टी पर हुए हमले में घायल जवानों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद बस अड्डे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को सीज कर आतंकियों की तलाश शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक इस वारदात को दो-तीन आतंकियों ने अंजाम दिया है। बस अड्डे से फंसे यात्रियों को निकाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है। आतंकी वारदात के बाद फरार होने में कामयाब हो गए  हैं। 
विज्ञापन


सुंजवां के चार महीनों बाद जम्मू में हमला
सुंजवां आर्मी कैंप पर हमले के करीब चार महीनों बाद आतंकियों ने फिर से जम्मू को निशाना बनाया है। आतंकियों ने इसके पहले भी कई बार जम्मू शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाकों को निशाना बना कर हमला किया है। आतंकियों ने जम्मू की प्रसिद्ध रघुनाथ मंदिर को साल 2002 में निशाना बना कर एक साल के भीतर दो बार हमला किया था। जिसमें एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। 

कुछ दिनों पहले ही मिले थे इनपुट
सुरक्षा एजेसियों को कुछ दिनों पहले से ही जम्मू शहर में आतंकियों के मौजूद होने के इनपुट मिल रहे थे। जम्मू के आसपास के इलाकों में बने सेना और पुलिस के कैंपों की चौकसी इसी कारण से बढ़ा दी गई थी। रात को भी ड्रोन और हेलीकाप्टर की मदद से शहर में निगरानी की जा रही थी। 

पेड़ से आतंकियों का निशाना चूका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुपर स्पैशिलिटी को जाने वाले फ्लाईओवर से ग्रेनेड पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर फेंका गया। फ्लाईओवर और पुलिसकर्मियों के बीच एक पेड़ होने की वजह से आतंकी सीधा निशान पुलिस पार्टी को नहीं बना सके। यह वजह रही कि ग्रेनेड पुलिस पार्टी से थोड़ी दूरी पर गिरा।

विज्ञापन

पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों से गूंजा बस स्टैंड

ATTACK - फोटो : SANJAY GUPTA
जम्मू बस स्टैंड के बाहर आतंकियों ने पुलिस की गश्ती पार्टी पर ग्रेनेड हमला किया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। स्थानीय लोगों में पाकिस्तान के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि घाटी की ही तरह मंदिरों के शहर को अशांत करने की पाकिस्तानी की साजिश है। ग्रेनेड हमले में दो पुलिसकर्मी सहित एक नागरिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस दौरान पुलिस की जिप्सी और एक निजी वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है।

घटना स्थल पर एसएसपी विवेक गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का जायजा लिया। घटना स्थल पर भीड़ बढ़ती देख पुलिसकर्मियों ने लोगों को वहां से हटाया। हालांकि इस दौरान लोगों का गुस्सा भड़क उठा।

लोग भारत माता की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिया। हमला रात साढ़े दस बजे के करीब हुआ। पुलिस पार्टी उस दौरान वाहनों के काफिलों को निकाल रही थी। सूत्रों के अनुसार एक एसआई रैंक के अधिकारी के घायल होने की बात हैं, हालांकि पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।

दो साल पहले भी हुआ था ग्रेनेड अटैक
दो साल पहले विवेकानंद चौक पर खड़ी पुलिस पार्टी पर भी ग्रेनड से हमला हो चुका था। उस बारी भी पुलिस की गश्ती पार्टी को निशाना बनाकर ग्रेनेड हमला किया गया था। 

बड़ा नुकसान टला
जम्मू बस स्टैंड से प्रतिदिन हजारों वाहन घाटी और अन्य जगहों के लिए रवाना होती हैं। जिस जगह पर ग्रेनेड गिरा, वहां कई और वाहन थे। हालांकि घटना में सिर्फ पुलिस की एक जीप और एक निजी वाहन ही चपेट में आए। निजी वाहन पर ग्रेनेड के छर्रों के निशान थे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें