जाकिर रशीद भट्ट उर्फ जाकिर मूसा कश्मीर में अलकायदा का लोकल ग्रुप अंसार गजवा-तुल-हिंद को चलाने वाला मुखिया है। मूसा को पंजाब में देखे जाने के बाद अलर्ट जारी किया गया है। खुफिया एजेंसियों की मानें तो जाकिर मूसा को देश के अन्य हिस्सों में अलकायदा का नेटवर्क बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मूसा के ग्रुप में 20 आतंकियों के होने की सूचना है। वह पंजाब और दिल्ली जैसे राज्यों में अपना नेटवर्क बनाकर बड़े हमलों की फिराक में है।
वहीं, रविवार को पंजाब के अमृतसर में राजासांसी गांव में एक धार्मिक डेरे में बड़ा विस्फोट हुआ है। फिलहाल जानकारी मिल रही है कि यह हमला बाइक पर सवार कुछ लोगों ने किया है। इस हमले में 3 की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। माना जा रहा है कि यह आतंकियों की साजिश थी। उधर मूसा के पंजाब में होने की भी पुख्ता खबर सुरक्षा एजेंसियों के पास पहले से ही मौजूद है।
सुरक्षाबलों की वांटेड लिस्ट में मूसा का नाम सबसे टॉप पर है। कश्मीर में अलकायदा की कमान मूसा के पास है। सितंबर 2017 में मूसा ने अलकायदा का लोकल ग्रुप अंसार गजावत उल हिंद का गठन किया। वह अलकायदा का नाम कश्मीर से बाहर ले जाना चाहता है।
सूत्रों का कहना है कि वह कश्मीर के स्थानीय आतंकियों को अपने ग्रुप में शामिल कर चुका है, जिनको पंजाब के आतंकी संगठन बब्बर खालसा और खालिस्तान फोर्स के कुछ आतंकियों का समर्थन मिल रहा है। इनके बीच बढ़ने वाली नजदीकियों का ही कारण है कि वह पंजाब में दिखा।