मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि पिछले 27 बरस से चली आ रही हिंसा ने घाटी के हर घर को जख्म दिए हैं। इन जख्मों को मरहम की जरूरत है जिसके लिए सरकार की ओर से हीलिंग टच दिया जाएगा। पीड़ित परिवारों तक पहुंचना और उन्हें हीलिंग टच देना सरकार की प्राथमिकता है। इसमें युवाओं को खास तवज्जो दी जाएगी।
नौहट्टा क्षेत्र के नक्शबंद साहब में स्थित कब्रगाह में शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि देने पहुंची महबूबा ने कहा कि हिंसा की ताजा घटनाओं ने जो गम और सदमे दिए हैं उससे दिल भर आया है। सभी को मिलकर जम्मू कश्मीर को हिंसा और खूनखराबे के दौर से बाहर निकालने के लिए हाथ बंटाना होगा।
रियासत में आर्थिक आत्मनिर्भरता लाने के साथ-साथ राजनीतिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के सपने को साकार करने के लिए उन्हें अवाम से समर्थन की जरूरत है। वे किसी भी सूरत में अवाम की उम्मीदों को निराश नहीं करेंगीं।
शहीदी दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि 13 जुलाई 1931 में अपनी कुर्बानी देने वालों ने रियासत में लोकतंत्र की नींव रखी। जम्मू कश्मीर के इतिहास में कई मर्तबा विशेष परिस्थितियां सामने आई हैं। आज के हालात भी विशेष हैं जिसे चुनौती समझकर उनका सामना करना होगा। इस अवसर पर राज्य मंत्रिमंडल के कई सदस्य भी मौजूद थे।