मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने जुल्फकार अली से सूचना विभाग वापस लेकर अपने पास रख लिया है। अली के पास सीएपीडी विभाग भी है। अब ट्राइवल अफेयर मंत्रालय की जिम्मेदारी भी सौंप दी है। जम्मू कश्मीर सरकार के बिजनेस रूल में रूल 5 का इस्तेमाल कर मंगलवार को महबूबा ने यह आदेश जारी किया।
जनरल प्रशासनिक विभाग की ओर से इसको लेकर आदेश जारी किया गया है। मुख्य सचिव बीबी ब्यास की मंजूरी के बाद जारी आदेश के तहत मंगलवार से यह विभाग महबूबा मुफ्ती के पास रहेगा। सूत्रों का कहना है कि पीडीपी से इस्तीफा देने वाले एमएलसी विक्रम आदित्य के बारे में जुल्फकार ने कुछ गलत भाषा का इस्तेमाल कर उनका अपमान किया था।
यही नहीं, सूचना विभाग में जुल्फकार के काम से नाखुश थीं। कुछ समय पहले ही जुल्फकार ने सूचना विभाग के निदेशक को हटा दिया था। इसके बाद सूचना विभाग के कर्मियों ने हड़ताल भी की। माना जाता है कि इन्हीं कारणों से जुल्फकार से सूचना विभाग वापस लिया गया है।