प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करतीं महबूबा मुफ्ती
- फोटो : File Photo
एमएलसी चुनाव में क्रास वोटिंग तथा कश्मीरियों पर भाजपा नेताओं की बयानबाजी से बढ़ी तनातनी का मुद्दा दिल्ली दरबार में उठ सकता है। पीडीपी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती रविवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के समक्ष नाराजगी का मुद्दा उठाएंगी।
गठबंधन धर्म का पालन करने के लिए पीडीपी की ओर से भाजपा पर दबाव डाला जा सकता है। साथ ही केंद्र सरकार पर एजेंडा आफ एलायंस के तहत कश्मीर मसले के हल के लिए सभी पक्षकारों से जल्द से जल्द बातचीत शुरू करने पर भी जोर दे सकती है।
सूत्रों ने बताया कि रविवार को दिल्ली में आयोजित नीति आयोग की बैठक में शामिल होने के साथ ही महबूबा मुफ्ती मोदी तथा अमित शाह से मिलेंगी। इस मुलाकात में पिछले कुछ दिनों के घटनाक्रम, घाटी के हालात और अमरनाथ यात्रा पर चर्चा हो सकती है। पीडीपी इस बात से खासी नाराज है कि एमएलसी चुनाव में जम्मू की सुरक्षित सीट पर भी वह हार गई। क्रास वोटिंग कराकर भाजपा ने पीडीपी से यह सीट झटक ली।
इसका घाटी तथा पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच गलत संदेश गया। भाजपा के साथ गठबंधन को लेकर लोगों की ओर से उंगलियां उठाई जाने लगीं। विपक्षी नेकां और कांग्रेस की ओर से भी गठबंधन को लेकर हमले किए जाने लगे।