पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी(पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि वह अलकायदा की ओर से दी गई धमकी की निंदा करती हैं, लेकिन यह भाजपा प्रवक्ता द्वारा दुनिया के मुसलमानों के जज्बातों को ठेस पहुंचाने के चलते हुआ है।
टीवी डिबेट के दौरान भाजपा नेता नूपुर शर्मा द्वारा की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में बुधवार को किश्तवाड़ में बंद रखा गया। किश्तवाड़ जामिया मस्जिद प्रबंधन और बार एसोसिएशन की ओर से आहूत बंद के दौरान बहुसंख्यक समुदाय की सभी दुकानें बंद रहीं।
वहीं, बंद के समर्थन में बार एसोसिएशन से संबद्ध वकीलों ने भी कामकाज ठप रखा। बंद की वजह से सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील मामले को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए थे। पुलिस के अनुसार बंद शांतिपूर्ण रहा।
किश्तवाड़ में भाजपा की निलंबित नेता नूपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों पर एफआईआर दर्ज की है। नूपुर शर्मा की टिप्पणी का विरोध कर रहे लोगों ने पुलिस से शिकायत की थी कि इकजुट जम्मू के दो कार्यकर्ता और भाजपा के एक नेता नूपुर शर्मा का सोशल मीडिया पर खुलकर समर्थन कर रहे हैं।
ऐसे में इन नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए। वहीं, शिकायत मिलने पर पुलिस ने तीन लोगाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लोगों को चेतावनी दी है कि धार्मिक भावनाएं भड़काने अथवा आहत करने वाली कोई भी टिप्पणी न करें। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एजेंसी