पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रधान महबूबा मुफ्ती ने राजनीतिक समीकरण को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2015 को विकास कार्यों की झड़ी का साल बताया है। उन्होंने कहा कि सोनावाड़ी क्षेत्र की तस्वीर बदलकर रख दी जाएगी।
लोगों को हर किस्म की सुविधाएं मुहैया करवाने के साथ-साथ कई प्रकार की स्कीम तथा लाभों के अधीन लाया जाएगा। प्रधान महबूबा मुफ्ती शनिवार को बांडीपोरा के सोनावाड़ी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित की गई बैठकों में लोगों को संबोधित कर रही थीं।
सोनावाड़ी विधानसभा क्षेत्र से पीडीपी के उम्मीदवार मोहम्मद यासीर रेशी के लिए महबूबा मुफ्ती ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ ग्रस्त कश्मीर को बचाने के लिए वह प्रयासरत हैं। सत्ता में आते ही सोनावाड़ी की तस्वीर बदल दी जाएगी।
इसके साथ ही रियासत के लोगों के लिए 2015 का साल पुनर्निर्माण और विकास कार्यों की झड़ी का वर्ष होगा। इस दौरान पीडीपी के कार्यकाल को दोहराया और लोगों को विश्वास दिलाया है कि आने वाला समय लोगों के लिए बहुत ही सुनहरा होगा।
इसके साथ ही उन्होंने नेशनल कांफ्रेंस पर हमला भी बोला। उन्होंने उमर अब्दुल्ला की सरकार को लोगों को गुमराह करने वाली सरकार करार दिया है। बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए उन्होंने प्रयासरत बताया है। इसके लिए लोगों के सहयोग की अपील भी की है।