घाटी में एडवाइजरी जारी किए जाने के बाद से सियासी हलचल चरम पर है। रविवार देर शाम घाटी के नेताओं ने सर्वदलीय बैठक भी बुलाई। देर रात तक कई तरह की उठापटक का दौर जारी रहा। वहीं रात करीब एक बजे पीडीपी मुखिया महबूबा मुफ्ती को देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की याद आई। उन्होंने इसको लेकर एक ट्वीट किया। महबूबा ने लिखा कि भाजपा नेता होने के बावजूद अटल जी की कश्मीरियों के प्रति सहानुभूति और उनका प्रेम जीतना....आज हमें उनकी कमी बहुत खल रही है।
वहीं, कांग्रेस नेता शशि थरूर उमर अब्दुल्ला के समर्थन में उतर आए और कहा कि आप अकेले नहीं हैं। उमर अब्दुल्ला के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा कि 'आप अकेले नहीं हैं उमर अब्दुल्ला। हर लोकतांत्रिक भारतीय कश्मीर के मुख्यधारा के नेताओं के साथ खड़ा है क्योंकि आप उसका सामना करेंगे जो भी देश के लिए सरकार के मन में है। संसद का सत्र अब भी चल रहा है और हमारी आवाज भी शांत नहीं होगी।'