अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पीडीपी की अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती शुक्रवार 14 अप्रैल को जम्मू के चार दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगी। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अलावा कोर ग्रुप और प्रमुख कार्यकर्ताओं से बैठकें कर जम्मू संभाग के सियासी परिदृश्य पर मंथन करेगी। वहीं, 15 अप्रैल को इफ्तार में भी शामिल होंगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार महबूबा मुफ्ती चार दिवसीय दौरे के दौरान जम्मू शहर में ही ज्यादातर समय रहेंगी और पार्टी की गतिविधियों को यहां बढ़ाने के लिए पार्टी नेताओं से चर्चा कर कई फैसले भी लेंगी। महबूबा मुफ्ती जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे की बहाली तक विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर चुकी हैं।
ऐसे में वह पार्टी नेताओं से इस विषय पर भी चर्चा करेंगी कि आगामी विधानसभा चुनाव में पीडीपी का अहम चेहरा कौन रहेगा। वहीं, जम्मू संभाग में पीडीपी की गतिविधियों व आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की जाएगी। 15 अप्रैल को पीडीपी नेताओं की तरफ से इफ्तार का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भी महबूबा शामिल होंगी।
अपने दौरे के दौरान महबूबा मुफ्ती की पत्रकार वार्ता भी प्रस्तावित है। इसमें वह भाजपा पर निशाना साध सकती हैं। खासतौर से युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी के अलावा कई अन्य विषयों पर वह भाजपा व केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश करेंगी।