अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर के नवाबाद इलाके में पुलिस ने देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश किया है। इसमें एक नाबालिग को मुक्त कराते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। ज्यूल स्थित एक होटल में यह सब चल रहा था। पुलिस ने होटल के मैनेजर, एक दलाल और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है। पुलिस होटल मालिक की धरपकड़ के लिए भी छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों में विशन दास, मोहम्मद तोसीफ और विद्या लाल शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस धंधे में कुछ और लोग भी हैं। फिलहाल दो के बारे उनको पता है, जो अभी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार एक नाबालिग ने पुलिस से शिकायत की। फोन करके बताया कि उसे जबरदस्ती होटल में देह व्यापार में शामिल किया गया है। शिकायत मिलने के बाद बुधवार देर रात को पुलिस होटल में पहुंची। यहां पुलिस ने नाबालिग को कब्जे में लिया, जबकि होटल में मौजूद मैनेजर, एक दलाल और एक ग्राहक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलने पर होटल में कुछ और लोग भी थे, जो वहां से भाग गए। नवाबाद थाना प्रभारी का कहना है कि इस मामले में अब तक तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं। फरार लोगों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।