पीडीपी की अध्यक्षता महबूबा मुफ्ती
- फोटो : PTI
रियासत में तेजी से बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती 24 मार्च को पार्टी विधायकों, सांसदों, एमएलसी की बैठक बुला सकती हैं। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में महबूबा सरकार गठन से लेकर भविष्य की रणनीति पर चर्चा कर फैसला करेंगी।
पीडीपी सूत्रों का कहना है कि सोमवार को दिल्ली गईं पार्टी प्रमुख महबूबा तीन-चार दिनों तक दिल्ली में रहकर श्रीनगर लौटेंगी। इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगी।
हालांकि तिथि के विषय में पीडीपी का कोई भी नेता अधिकृत जानकारी होने से इनकार कर रहा है, लेकिन उनका कहना है कि जल्द ही बैठक बुलाई जाएगी। इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव होगा।
माना जा रहा है कि पार्टी में बढ़ते अंदरूनी असंतोष को देखते हुए पार्टी प्रमुख पर दबाव बढ़ा है। भगवा खेमे के पास भी पीडीपी की बैठक की सूचना है। पार्टी की नजर अब प्रस्तावित बैठक पर है। सियासी गलियारे में कहा जा रहा है कि इस बैठक के बाद सरकार गठन की तस्वीर साफ हो जाएगी।
भाजपा कार्यकारिणी की बैठक 2 से
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक दो एवं तीन अप्रैल को प्रस्तावित है। इसमें संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा के साथ ही निकाय तथा पंचायत चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी।