भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को रोज-रोज नाटक करने की बजाए जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनावों में अपनी हार स्वीकार करनी चाहिए।
विज्ञापन
मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के टाउन हॉल इलाके में उन्होंने एक सभा के दौरान कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों ने यहां वंशवादी राजनीति को खारिज कर दिया है। ऐसा लगता है कि महबूबा मुफ्ती यह देखकर निराश हैं कि लोगों ने जमीनी स्तर पर पीडीपी को भी खारिज कर दिया है। वह हर दिन खुद की गिरफ्तारी और नजरबंद किए जाने का नाटक करती रहती हैं। इसके लिए प्रशासन को दोषी ठहराती हैं उन्हें अपनी हार स्वीकार करनी चाहिए।
हुसैन ने कहा कि आजकल महबूबा की हरकतों को देखकर लगता है कि जिस प्रकार कश्मीर घाटी में भाजपा को लोगों ने स्वीकार किया है उससे मुफ्ती भाजपा से डरी हुई हैं। वह जानती हैं कि लोगों ने पीडीपी को खारिज कर दिया है। गुपकार गठबंधन पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह अब मर चुका है और लोगों ने उन्हें हर जगह खारिज करते हुए विकास के लिए मतदान किया है। लोगों को उम्मीद है कि केवल भाजपा ही ऐसा कर सकती है। क्षेत्रीय दलों को लेकर लोगों में अविश्वास है।
शाहनवाज ने कहा कि भाजपा कश्मीर के विकास को लेकर प्रतिबद्ध है और लोग आने वाले वर्षों में इस अंतर को महसूस करेंगे। हमारी विश्वसनीयता दांव पर है। भाजपा देश को दिखाएगी कि अनुच्छेद 370 समाप्त होने के बाद उसका किस तरह विकास किया।