एस्टेट क्वार्टरों का उद्घाटन करतीं महबूबा
- फोटो : Amar Ujala
राज्य की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने एस्टेट विभाग को महिलाओं के लिए जरूरत के अनुसार फ्लैट सुरक्षित करने की हिदायत दी है। पांपोर में 48 एस्टेट क्वार्टरों का उद्घाटन करने पहुंची महबूबा ने कहा कर्मचारियों को ओहदे के अनुसार फ्लैट सुविधा दी जा रही है तो इसमें महिला कर्मचारियों के लिए अलग से सुविधा सुनिश्चित की जाए।
उन्हाेंने एक बीएचके फ्लैट (एक बेडरूम हाल किचन) के निर्मित नई इमारत का निरीक्षण भी किया। इसके अलावा सीएम ने दूसरे चरण के तहत प्रस्तावित 144 फ्लैट संख्या वाले निर्माण का शिलान्यास किय।
सीएम ने कहा एस्टेट विभाग के अधीन नई आवास सुविधा के लिए आरएंडबी विभाग ने संतोषजनक डिजाइन तैयार किया है। ढांचागत सुविधाओं के बाद इसके सौंदर्यीकरण के लिए जरूरी पार्क भी विकसित किए जाने चाहिए। निचले कर्मचारियों के लिए एक बीएचके फ्लैट की सुविधा को प्राथमिकता से लिया जाए।
एस्टेट विभाग के अनुसार कालोनी में कुल 400 फ्लैट तैयार किए जाएंगे जिनमें 80 क्वार्टर तीन बीएचके जबकि 128 दो बीएचके और 192 एक बीएचके फ्लैट शामिल होंगे। पांपोर में उदघाटन समारोह के दौरान लोक निर्माण एवं संसदीय मामलोें के मंत्री एआर वीरी, वन राज्य मंत्री जहूर अहमद मीर, प्रधान सचिव नवीन चौधरी, एस्टेट विभाग के निदेशक डा. जीएन इट्टू सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।