मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और मंत्री सैयद बशारत बुखारी
- फोटो : file photo
महबूबा मंत्रिमंडल के पहले विस्तार के बाद दो मंत्रियों के इस्तीफों से उत्पन्न अनिश्चितता की बर्फ फिलहाल पिघलती नजर नहीं आ रही है।
इस्तीफा देने वाले मंत्री सैयद बशारत बुखारी ने रविवार सुबह श्रीनगर में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। गुपकार रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पर दोनों के बीच दो घंटे से अधिक समय तक बातचीत हुई। सूत्रों के अनुसार बातचीत में इस्तीफा वापस लेने पर सहमति नहीं बन सकी। इस बीच, इस्तीफा देने वाले दोनों मंत्रियों को मनाने की कोशिशें चल रहीं हैं।
सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री महबूबा ने खुद इस संकट के समाधान का मसला अपने हाथ में लिया है। शनिवार देर शाम उन्होंने बशारत बुखारी से फोन पर संपर्क किया। उनसे मुख्यमंत्री आवास पर सुबह आने का आग्रह किया ताकि इस मसले पर बातचीत की जा सके। सूत्रों ने बताया कि मुलाकात में मुख्यमंत्री ने बुखारी से इस्तीफा वापस लेने का आग्रह किया ताकि लोगों तक सही संदेश जा सके।