सुंदरबनी। भारतीय जनता पार्टी ने वीरवार को सुंदरबनी में एक बैठक का आयोजन किया, जिसमें नौशेरा जिला कार्यकारिणी के सभी मंडल और जिला इकाइयों के सदस्यों ने भाग लिया। जिला कार्यकारिणी की इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
बैठक में भाजपा के जिला प्रधान कैप्टन बालकृष्ण ने सभी मंडल और जिला पदाधिकारियों से क्षेत्र में लोगों की परेशानियों को दूर करने के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। साथ ही सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वह लोगों के बीच जाकर उनकी परेशानियों को सुनकर उन्हें हल करने का प्रयास करें।
इस मौके पर रविंद्र रैना ने कहा कि सभी पदाधिकारियों को लोगों के बीच जाकर इस बात को सुनिश्चित करना चाहिए कि केंद्र सरकार की ओर से लोगों के हित में चलाई जा रहीं योजनाओं का उन्हें लाभ मिल रहा है या नहीं? अगर किसी को लाभ नहीं मिल रहा है तो पार्टी के पदाधिकारियों ऐसे लोगों के लिए व्यवस्थाएं बनाएं।
वहीं, इस मौके पर आशा वर्करों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से मिलकर उन्हें अपने सामने आ रही परेशानियों को दूर करने की गुहार लगाई।