मुख्य सचिव अटल डुललू बैठक की अध्यक्षता करते हुए
- परियोजनाओं का काम समय पर हो पूरा, बरती जाए पारदर्शिता : डुल्लू
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में कई योजनाएं जैसे वीएमडी, विज्ञापन डेक, वाणिज्यिक स्थान, ई-बसें, पार्किंग क्षेत्र और सार्वजनिक उपयोगिताओं का निर्माण से राजस्व अर्जित होगा। परियोजनाओं पर काम तय समय पर पूरा किया जाए। ये बात मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने श्रीनगर और जम्मू के जुड़वां शहरों में स्मार्ट सिटी मिशन (एससीएम) की सभी चल रही और पूर्ण परियोजनाओं की परिचालन तैयारियों पर हुई बैठक में कही।
मुख्य सचिव ने श्रीनगर और जम्मू दोनों जगहों पर एससीएम के तहत उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं और परियोजनाओं के बारे में जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि इस मिशन के तहत सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का उचित रखरखाव किया जाना चाहिए। उन्होंने जेएससीएल और एसएससीएल के दोनों मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से ऐसी संपत्तियां जुटाने पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने सार्वजनिक उपयोग की ऐसी परियोजनाओं पर होने वाले आवर्ती व्यय का समुचित विश्लेषण कर एक मॉडल तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने जम्मू और श्रीनगर में मिशन के तहत अब तक पूरी की गई परियोजनाओं की सूची और उनके पूरा होने की अनुमानित तारीखों के साथ चल रही परियोजनाओं के बारे में पूछा। डुल्लू ने तवी रिवरफ्रंट डेवलपमेंट और जल परिवहन परियोजना पर काम की स्थिति पर जानकारी ली। उन्होंने बताया कि यहां मिशन आने वाले समय में यूटी के लोगों के लिए सुविधाओं और परियोजनाओं को सबसे अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए एक विस्तृत योजना की प्रक्रिया में है।