सांबा। मुख्य सचिव वीबीआर सुब्रह्मण्यम की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना में शामिल किया जाए। उनके कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। इस संबंध में शुक्रवार को जिला अधिकारियों की जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की बैठक उपायुक्त रोहित खजूरिया की अध्यक्षता में हुई। मुख्य लेखा अधिकारी ने बताया कि जिला में कुल नामांकित 41,765 किसान हैं। जिनमें 14,750 सक्रिय किसान हैं जो केसीसी का लाभ ले रहे हैं। कार्ड की वैधता पांच वर्ष है।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार ने केसीसी के तहत वित्तीय समावेशन के लिए किसानों को संतृप्त करने के लिए एक अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। यह अभियान वित्तीय संस्थानों के माध्यम से शुरू किया जाएगा, जिसमें वाणिज्यिक बैंक, सहकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक शामिल हैं। उन्होंने मुख्य कृषि अधिकारी को जिले के सभी 9 ब्लॉकों में केसीसी के बारे में जागरूकता के लिए विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। बैठक में जहांगीर शफी मुख्य कृषि अधिकारी, मुख्य योजना अधिकारी सुखलीन कौर, सहायक विकास आयुक्त, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अजय कौल के अलावा अन्य जिला, ब्लॉक और वित्तीय सेवा अधिकारी उपस्थित रहे।