सांबा। नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर भाजपा का अभियान शुरू हो गया है। मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला के विभिन्न गांवों मे पहुंच कर सीएए के बारे में लोगों को जागरूक किया। घगवाल के गांव चक लाला की गुज्जर बस्ती में भाजपा कार्यकर्ता व ओबीसी के पूर्व उप चेयरमैन रछपाल वर्मा, भाजपा नेत्री गीता भगत की देख रेख में एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें सीएए के बारे में गुज्जर समुदाय के लोगों को विस्तार से जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि नागरिकता बिल किसी की नागरिकता को छीनता नही है बल्कि नागरिकता देने का काम करता है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल सीएए को लेकर लोगों में भ्रम फैला रहे हैं, लेकिन झूठ की ये राजनीति ज्यादा दिन तक नहीं चलेगी। आम लोगों को अब समझ आने लगा है कि जो काम आज तक पाकिस्तान नहीं कर पाया है वह कांग्रेस नेताओं ने कर दिखाया है। कांग्रेस व विपक्ष के नेता देश को तोड़ने की राजनीति कर रहे हैं जबकि भाजपा का नारा है ‘सब का साथ सब का विकास’। इस अवसर पर भाजपा घगवाल मंडल प्रधान कुलभूषण सिंह भी बैठक में उपस्थित थे।