आरएस पुरा। मंडलायुक्त डॉ. राघव लंगर ने सोमवार को आरएस पुरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कोरोना कर्फ्यू की स्थिति की जांच की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्फ्यू प्रतिबंधों को सख्ती से लागू किया जाए। कोरोना कर्फ्यू का समय बढ़ाने का उद्देश्य यही है कि कोरोना के प्रसार को रोका जाए और संक्रमित हो रहे लोगों को बचाया जाए।
एसडीएम कार्यालय के सभागार में उपमंडल अधिकारियों और प्रमुख व्यक्तियों के साथ बैठक में मंडलायुक्त ने मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया। क्योंकि दिन-प्रतिदिन कोविड-19 रोगियों की संख्या बढ़ रही है। पुलिस को आरएस पुरा में कर्फ्यू प्रतिबंधों को सख्ती से लागू करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने उच्च गठन से हर तरह की मदद का आश्वासन दिया।
बैठक में एसडीएम रामलाल शर्मा, एसडीपीओ शब्बीर खान, बीएमओ सतीश चंद्र, डीडीसी सदस्य प्रो. गारू राम, ब्लाक अध्यक्ष तरसेम लाल, नगर पालिका अध्यक्ष सतपाल पप्पी सहित पार्षद और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। गौरतलब है कि कई दिन से उपजिला के ग्रामीण क्षेत्र में रैपिड टेस्ट कराने पर पॉजिटिव की संख्या में बढ़ोतरी होने पर चिंताजनक हालत बने होने पर मंडलायुुक्त राघव लंगर को आरएस पुुुरा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा गया।
उपजिले में 577 में से 47 पॉजिटिव
आरएस पुरा/ मीरां साहिब। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बनाए केंद्रों पर सोमवार को 577 लोगों के रैपिड टेस्ट किए गए। इसमें से 47 लोग पॉजिटिव आए, जिन्हें होम आईसोलेशन किया गया। उपजिले में 320 लोगों को वैकसीन लगाई गई।
पूर्व सरपंच किशोर कुमार ने कहा कि 18 से 44 वर्ष के आयु के लोगों को वैक्सीन नहीं लगाई जा रही, लेकिन पर सरकार की ओर से वैक्सीन लगवाए जाने के दावे किए जा रहे हैं। इस समय कोरोना महामारी के चलते लोग पहले ही परेशान हैं। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए ताकि लोगों को बनाए केंद्रों में जाने पर वैक्सीन लगवा सकें। हरबंस लाल का कहना है कि कई स्थानों पर पुलिस के नाके लगे होने पर कई दुकानदार चोरी छिपे दुुुकानें खोल कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समय कारोबार इतना अहम नहीं जितना लोगों की जान बचाना है। उन्होंने कहा कि अगर कोई संक्रमित व्यक्ति दुकान में खरीदारी करता है तो उसके परिवार का क्या होगा। मौजूदा हालत देखते दुुुकानदारों को भी प्रशासन से सहयोग कर कोरोना कर्फ्यू का पालन करना चाहिए।
कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन करने के आरोप में तीन पर केस दर्ज
सांबा। कोविड मामलों में वृद्धि को देखते हुए जिले में लगाए गए कोरोना कर्फ्यू का कड़ाई से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने सोमवार को कर्फ्यू आदेश का उल्लंघन करने पर तीन दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसएसपी के अनुसार पुलिस की एक टीम ने विशेष सूचना पर जिले में कर्फ्यू प्रतिबंधों के उल्लंघन के लिए धारा 188 आईपीसी / 51 आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत तीन दुकान मालिकों पंकज कुमार उर्फ लाडी पुत्र कस्तूरी लाल निवासी लाला चक तहसील राजपुरा सांबा, जो भार्गव डिग्री कॉलेज के सामने इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाता है। तरशेम लाल पप्पू पुत्र कृष्ण चंद निवासी परेल सांबा जो किराना स्टोर चलाता है, वरिंद्र सिंह संब्याल पुत्र निवासी केहली मंडी जो गलोदु मंदिर के निकट पोल्ट्री फार्म चलाता है, के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने नागरिकों से जिला प्रशासन के साथ सहयोग करने, कोविड-19 के उचित व्यवहार का पालन करने और जिले में लगाए गए कर्फ्यू प्रतिबंधों का पालन करने की अपील की है।
रैपिड एंटीजन टेस्ट 138 में से 14 पॉजिटिव, एक की मौत
अरनिया। क्षेत्र में सोमवार को दूसरे दिन भी रैपिड एंटीजन टेस्ट का सिलसिला जारी रहा। इसी के तहत 138 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें 14 लोग पॉजिटिव पाए गए, जबकि एक 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इसी के साथ ही क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 245 तक पहुंच गया, जबकि दूसरी लहर में मरने वालों का आंकड़ा सात तक पहुंच गया है। वहीं कुछ दिन पहले सेना अस्पताल सतवारी में उपचार के लिए दाखिल की गई क्षेत्र के गांव करेयाल खुर्द की एक 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। चिकित्सा टीम के मुताबिक यह महिला सेना अस्पताल में दाखिल कराई गई थी।