जम्मू। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के जनरल हाउस की दूसरी बैठक 31 जुलाई को होगी। इसमें उस रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी जिसे वकीलों की 17 सदस्यीय कमेटी ने बनाया था। सूत्रों की मानें तो कमेटी ने रिपोर्ट में सिफारिश की थी कि बार के प्रधान मुख्य न्यायाधीश के समक्ष वकीलों का मामला उठाएं। जानीपुर से सिद्दड़ा के रैकां में हाईकोर्ट को शिफ्ट करने का विरोध किया जाए। जैसा प्रस्ताव 20 जुलाई की जनरल हाउस बैठक में पास हुआ था।
शुक्रवार को बार एसोसिएशन ने नोटिस जारी करते हुए कहा कि जनरल हाउस की बैठक 31 जुलाई को सुबह 11.30 बजे कांफ्रेंस हाल जिला कोर्ट कॉम्प्लेक्स के नजदीक होगी। इसमें रिपोर्ट पर सुझाव लिए जाएंगे। कमेटी की सिफारिशों के साथ वकीलों की राय ली जाएगी। यह भी कहा है कि हाईकोर्ट समेत अन्य अदालतों में दूसरे पहर के बाद वकील कामकाज ठप रखेंगे।
हंगामा होने के आसार
20 जुलाई को जनरल हाउस की बैठक में जमकर हंगामा हुआ था। वकीलों ने प्रधान समेत अन्य टीम को खरी खोटी सुनाई थी। यहां तक कि बार की मौजूदा टीम के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव तक लाने का मन बना लिया था, लेकिन अंतिम समय में ऐसा नहीं हुआ। बैठक में कमेटी गठित करने का फैसला किया गया था।जानकारों के अनुसार इस बार भी बैठक में हंगामा होने के आसार हैं।
यह है मामला
हाईकोर्ट को जानीपुर से रैकां में शिफ्ट किया जा रहा है। इसका नींव पत्थर रखकर कार्य शुरू कर दिया है। मगर वकीलों का बड़ा तबका फैसले के विरोध में है। वह जानीपुर में ही नया कॉम्प्लेक्स बनाने की मांग कर रहे हैं। वकील नहीं चाहते कि रैकां में हाईकोर्ट को शिफ्ट किया जाए।