जम्मू। उपराज्यपाल के सलाहकार बसीर खान ने बुधवार को सिविल सचिवालय श्रीनगर में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर पर्यटन विभाग के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने चालू परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने पर जोर दिया। निर्देश दिए कि टूरिज्म डेवलपमेंट अथॉरिटी की ओर से जारी मास्टर प्लान का उल्लंघन नहीं किया जाए और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाए। साथ ही साफ कर दिया कि किसी भी तरह के अतिक्रमण के लिए संबंधित सीईओ और टीडीएएस जिम्मेदार होंगे।
सलाहकार ने जोर दिया कि पर्यटन स्थलों के पुनरनिर्माण और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। पर्यटन ढांचे को विकसित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। उन्होंने हेरिटेज कांप्लेक्स की छह सुस्त परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए एग्जीक्यूटिव निदेशक मुबारक मंडी को मुबारक मंडी हेरिटेज सोसायटी के काम में तेजी लाने पर जोर दिया। जम्मू शहर के भविष्य के लिए यह परियोजना काफी अहम है। उन्होंने कारपोरेशन को गति देने के लिए प्रबंधक निदेशकों से सभी जरूरी कदम उठाने को कहा। उन्होंने गोल्फ कोर्स के उचित रखरखाव के लिए सचिवों से प्रशासनिक विभाग को उचित प्लान बनाकर भेजने को कहा। सलाहकार ने कहा कि कोविड 19 को देखते हुए पर्यटन विभाग की योजनाओं में बदलाव की जरूरत है, जिससे विकास व अन्य गतिविधियां शुरू की जा सकें। उन्होंने पीएमडीपी, पीएमआरपी, प्रसाद योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।